नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में गुरुवार को कहा कि शिरडी हवाई अड्डे से संबंधित कार्य योजना के सुधार के लिए केंद्र महाराष्ट्र सरकार को प्रोत्साहित करेगा। हरदीप सिंह पुरी ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि शिरडी हवाई अड्डे के रनवे समेत तमाम कार्यों में सुधार के लिए महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर काम करने में उन्हें प्रसन्नता होगी।
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे का उन्नयन एक सतत प्रक्रिया है। सरकार सभी हवाई अड्डों और हवाई पट्टियों में सुधार करने पर विचार कर रही है लेकिन कुछ हवाई पट्टियां आवासीय तथा वाणिज्यिक इलाकों में होने के कारण यहां भूमि अधिग्रहण की समस्या आ रही है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ सुजय राधाकृष्ण विखे पाटिल ने पूरक प्रश्न में कहा कि हवाई अड्डे को विकसित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है तथा शिरडी ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये का योगदान किया है। उन्होंने पूछा था कि सरकार इस हवाई अड्डे के विकास और सुधार के लिए किस प्रकार से प्रयास रही है।


Download Android App
Download iOS App



