चक्रवात फानी के कारण तीन मई को ओडिशा के तटवर्ती जिलों में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केन्द्र की अंतरमंत्रालयी टीम यहां आयी है। अधिकारी ने बताया कि इस नौ सदस्यीय टीम का नेतृत्व केंद्रीय गृह मंत्रालय में अवर सचिव विवेक भारद्वाज कर रहे हैं। उन्होंने बताया की टीम सोमवार को प्रभावित क्षेत्रों का मौका-मुआयना करेगी फिर विशेष राहत आयुक्त बी.पी. सेठी टीम को इस संबंध में पूरी जानकारी देंगे।
टीम दो हिस्सों में बंटकर सोमवार और मंगलवार को पुरी और खुर्दा की यात्रा करेगी। चक्रवात से दोनों जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। ओडिशा के मुख्य सचिव ए. पी. पधी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करने से पहले टीम बुधवार को भुवनेश्वर नगरपालिका परिषद भी जाएगी।
उन्होंने बताया कि आकलन पूरा कर टीम अपनी रिपोर्ट केन्द्र को सौंपेगी। चक्रवात फानी ने तीन मई को ओडिशा में भीषण तबाही मचाई थी। इस आपदा में 64 लोग मारे गए हैं जबकि कम से कम 241 लोग घायल हो गए।


Download Android App
Download iOS App




