तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को बुधवार को यहां सर्वसम्मति से तेलुगु देशम विधायक दल का नेता चुन लिया गया। नायडू के आवास पर तेलुगु देशम विधायक दल की बैठक हुई जिसमें पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों और सांसदों ने हिस्सा लिया।
जून 2014 से आंध्र प्रदेश में सत्तासीन रही तेदेपा को हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। तेदेपा को 175 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में महज 23 सीटें मिली।
लोकसभा चुनावों में भी नायडू की अगुवाई वाली पार्टी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा और उसे राज्य की 25 सीटों में से महज तीन पर जीत मिली। नायडू ने पार्टी के 23 नए विधायकों, तीन सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ यहां बैठक की। बीते 23 मई को चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद से अटकलें थीं कि नायडू तेदेपा विधायक दल के नेता के तौर पर किसी अन्य नेता को आगे कर सकते हैं, लेकिन विधायकों ने उन्हें ही सर्वसम्मति से चुना।


Download Android App
Download iOS App



