नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश के खिलाफ पार्टी की दिल्ली इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके आवास के बाहर बुधवार शाम प्रदर्शन किया। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे। कई कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां ले रखीं थीं।
डीपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने कहा, ”सभी कार्यकर्ता चाहते हैं कि राहुल अपने फैसले को वापस लें। वैसे उनका जो भी फैसला होगा, वो हमें स्वीकार होगा।” पूर्व मुक्केबाज और दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रहे विजेंद्र सिंह ने कहा, ”हम राहुल जी से यही आग्रह करने आएं हैं कि उन्होंने बहुत मेहनत की है और उन्हें अध्यक्ष पद पर बने रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, ”चुनाव में हम लड़े और हम सफल नहीं हुए। आगे हमें संघर्ष करना है। धरने में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जिंदाबाद और ”राहुल जी आप संघर्ष करो, हम आपके साथ हैं” के नारे लगाए। गौरतलब है कि 25 मई को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की थी, हालांकि सीडब्ल्यूसी ने उनकी पेशकश को खारिज किया और उन्हें संगठन में सभी स्तर पर आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया।


Download Android App
Download iOS App



