चेन्नई में खचाखच भरी उपनगरीय ट्रेनों के पायदान पर लटक कर यात्रा कर रहे छह यात्री सेंट थॉमस माउंट स्टेशन पर एक दीवार से टकरा गए, जिससे उनकी मौत हो गई। लगभग 13 घंटे के अंतराल पर ये दोनों दुर्घटनाएं हुईं।
पुलिस ने आज बताया कि मृतकों की उम्र 16 से 25 साल के बीच है। छह लोग घायल भी हुए हैं। पहली दुर्घटना कल शाम करीब सात बजे हुई, जब चेन्नई बीच – चेंगलपट्टू ट्रेन के दो यात्री दीवार से टकरा गए और उनकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य सचिव जे. राधाकृष्णन ने बताया कि इसके करीब 13 घंटे बाद आज सुबह साढ़े आठ बजे एक अन्य उपनगरीय ट्रेन के पायदान पर लटक कर यात्रा कर रहे 10 लोग दीवार से टकरा कर नीचे गिर गए। उनमें से चार की मौत हो गई। यह दुर्घटना पहली घटना के स्थान से करीब 50 मीटर दूर हुई।
घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना में घायल एक यात्री का पैर कट गया है। कांचीपुरम जिला कलेक्टर पी पूनिया और रेलवे तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों दुर्घटना स्थलों का मुआयना किया।
चेन्नई डिवीजनल रेल प्रबंधक नवीन गुलाटी ने बताया कि आज सुबह यात्रियों की संख्या ज्यादा थी क्योंकि उप नगरीय लाइन पर बिजली आपूर्ति के अभाव के चलते ट्रेनें विलंब से चल रही थीं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जीआरपी) सी शैलेंद्र बाबू ने कहा कि मामले की जांच जारी है। यह दीवार कई साल से वहां स्थित है। हालांकि, बार – बार होने वाली दुर्घटनाओं के मद्देनजर रेल अधिकारियों से इसे हटाने का अनुरोध किया गया है। इस बीच, दक्षिण रेलवे ने दोनों घटनाओं के लिए पायदान पर लटक कर यात्रा करने को जिम्मेदार ठहराया है।


Download Android App
Download iOS App



