छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले को धनिकरका और दुवालीकरका के जंगलों में आज पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक महिला नक्सली समेत दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर आई है। इसके साथ ही संतरी ड्यूटी में लगा एक नक्सली भी मुठभेड़ में घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार डीआरजी और जिला पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में धनिकरका और दुवालीकरका के जंगलों में सर्चिंग के दौरान पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई, जिसमें चार नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इसमें पांच लाख का इनामी मलंगिर एरिया कमेटी का सदस्य, छात्र संगठन अध्यक्ष और आईईडी एक्सपर्ट वर्गीश के साथ महिला नक्सली शामिल है।
घटनास्थल पर मुठभेड़ अब भी जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने घटनास्थल पहुंचकर घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने घटनास्थल से एक भरमार और 315 बोर की बंदूक भी मुठभेड़ स्थल से बरामद किए है। बता दें कि नक्सलियों ने ग्रामीणों में दहशत फैलाने और लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस महानिदेशक नक्सल गिरधारी नायक ने बताया कि मारा गया नक्सली वर्गीश पिछले नौ अप्रैल को विधायक भीमा मंडावी की हत्या में शामिल था।


Download Android App
Download iOS App




