छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने राज्य निर्वाचन आयोग से इस वर्ष के अन्त मे राज्य में होने वाले नगरीय निकायों का चुनाव इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से कराने तथा मतदाता सूची को लेकर दावे आपत्ति की तिथि को एक माह बढ़ाने की मांग की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेन्डी के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयुक्त (पंचायत एवं स्थानीय निकाय) ठाकुर राम सिंह ने आज मिलकर उन्हे चार सूत्रीय एक ज्ञापन सौंपा जिसमें यह मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा में विपक्ष के नेता धरम कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल एवं बृजमोहन अग्रवाल तता पूर्व केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल थे।
आयोग को दिए ज्ञापन में भाजपा ने मतदाता सूची को लेकर दावे एवं आपत्ति की अन्तिम तिथि 16 सितम्बर को विभिन्न त्योहारों के मद्देनजर बढ़ाकर 15 अक्टूबर किए जाने की मांग करते हुए 2019 के लोकसभा की मतदाता सूची को बगैर स्थलीय निरीक्षण के स्वीकार किए जाने पर आपत्ति जताई है।
ज्ञापन में वार्डं के परिसीमन के तरीके पर आपत्ति जताते हुए कहा गया है कि भौगोलिक स्थिति, अनुसूचित जाति,जनजाति एवं पिछड़े वर्ग की जनसंख्या को इसमें नजरदांज किया गया है। भाजपा नेताओं के अनुसार आयोग ने ज्ञापन पर परीक्षण कर उचित निर्णय लेने का भरोसा दिलाया है।


Download Android App
Download iOS App



