छत्तीसगढ़ से इस समय एक विस्फोट होने की खबर सामने आ रही है। शनिवार को रायपुर के रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में विस्फोट हुआ। इस हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के छह जवान घायल हो गए हैं। रेलवे और सीआरपीएफ के अफसरों से मिली जानकारी अनुसार, एक स्पेशल ट्रेन सीआरपीएफ की 211 बटालियन के जवानों को लेकर जम्मू जा रही थी।
ट्रेन की बोगी में विस्फोट से अफरा-तफरी मच गयी
सुबह लगभग साढ़े छह बजे प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी ट्रेन की एक बोगी में विस्फोट से अफरा-तफरी मच गयी। बताया गया है कि सीआरपीएफ के जवान डेटोनेटर और इग्नाइटर सेट एक बोगी से दूसरी बोगी में ले जा रहे थे, इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया।
घटना की सूचना पाकर सीआरपीएफ और रेलवे के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
विस्फोट की इस घटना में छह जवान घायल हो गये। घायलों में चवन, विकास, लक्ष्मण, रमेश लाल, रवींद्र कर, सुशील और दिनेश कुमार शामिल हैं। इन सभी को इलाज के लिए रायपुर के नारायणा अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घायलों में हवलदार विकास चौहान को सबसे ज्यादा चोटें आयी हैं। घटना की सूचना पाकर सीआरपीएफ और रेलवे के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि डेटोनेटर में विस्फोट कैसे हुआ? रेलवे के अफसरों के अनुसार, घटना के एक घंटे बाद स्पेशल ट्रेन को जम्मू रवाना कर दिया गया है। रायपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का परिचालन भी सामान्य रूप से हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



