छत्तीसगढ़ : सीआरपीएफ कैंप में जवान ने की अपने साथियों पर फायरिंग , 4 की मौत,तीन अन्य घायल

Summary :

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर में ​जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। इस दौरान फायरिंग में 50वीं बटालियन के 4 जवानों की मौत हो गई और 3 जवान घायल हो गए।

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर में ​जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। इस दौरान फायरिंग में 50वीं बटालियन के 4 जवानों की मौत हो गई और 3 जवान घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर चलाई गोली
राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने आज बताया कि सुकमा जिले के लिंगमपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार जवानों की मृत्यु हो गई है तथा तीन अन्य घायल हो गए हैं।
 चार जवानों की घटनास्थल पर ही मौत
सुंदरराज ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज तड़के करीब 3.30 बजे एक जवान ने विवाद के बाद अपनी एके-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। इस घटना में चार जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अन्य जवान और अधिकारी वहां पहुंचे तथा आरोपी जवान को पकड़ा। बाद में हताहत जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपी जवान से पूछताछ कर रही है। सुंदरराज ने बताया कि घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।

Desk Team