छत्तीसगढ़ : नक्सलियों ने युवक का अपहरण कर हत्या की

Summary :

अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नीलवाया गांव निवासी हिड़मा कवासी का नक्सलियों ने दो दिनों पहले अपहरण कर लिया था। सोमवार को उसके शव को उसके घर के पास फेंक दिया गया।

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने एक युवक की हत्या कर दी है। युवक का भाई पुलिस के लिए काम करता है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने मंगलवार को बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नीलवाया गांव निवासी हिड़मा कवासी का नक्सलियों ने दो दिनों पहले अपहरण कर लिया था। सोमवार को उसके शव को उसके घर के पास फेंक दिया गया।
पल्लव ने बताया कि कवासी का भाई क्षेत्र में नक्सलियों से निपटने में पुलिस की मदद करता है। अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद से कवासी के माता-पिता बहुत भयभीत हैं। नक्सलियों ने उन्हें धमकी दी है कि अगर वे पुलिस से संपर्क करेंगे तो उन्हें गांव से निकाल दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। पुलिस ने घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया है।

Desk Team