भारत के चीफ जस्टिस एनवी रमण ने लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर में की पूजा-अर्चना

Summary :

भारत के चीफ जस्टिस (CJI) एनवी रमण ने मंगलवार को सतत विकास सुनिश्चित करने और प्रकृति के संरक्षण के लिए हरित क्षेत्र को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। हैदराबाद से लगभग 60 किलोमीटर दूर यादाद्रि मंदिर में अधिकारियों और पुजारियों ने उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया।

भारत के चीफ जस्टिस (CJI) एनवी रमण ने मंगलवार को सतत विकास सुनिश्चित करने और प्रकृति के संरक्षण के लिए हरित क्षेत्र को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, तेलंगाना की यात्रा पर पहुंचे न्यायमूर्ति रमण ने यहां राजभवन परिसर में एक पौधा भी लगाया।
सांसद संतोष कुमार द्वारा शुरू किए गए हरित भारत अभियान में भाग ले रहे न्यायमूर्ति रमण ने विधिक क्षेत्र के लोगों से ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने और उनका उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया जो हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पारिस्थितिकी तंत्र में संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं।
इससे पहले दिन में, प्रधान न्यायाधीश ने तेलंगाना के यादाद्रि स्थित मशहूर लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर में पूजा-अर्चना की।
हैदराबाद से लगभग 60 किलोमीटर दूर यादाद्रि मंदिर में अधिकारियों और पुजारियों ने उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया। अधिकारियों के अलावा तेलंगाना के कानून एवं बंदोबस्त मंत्री ए इंद्रकरण रेड्डी और अन्य नेता भी उनके साथ मौजूद थे।
के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने 2014 में अलग राज्य के गठन के बाद मंदिर का बड़े पैमाने पर जीर्णोद्धार कराया था।
सीजेआई रमण जब 11 जून को यहां पहुंचे तो राज्य सरकार ने उनका शानदार स्वागत किया था। भारत के प्रधान न्यायाधीश पद का कार्यभार संभालने के बाद राज्य का उनका यह पहला दौरा है।

Shera Rajput