ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को केंद्र सरकार को सूचित किया कि राज्य भीषण चक्रवाती तूफान ‘यास’ से निपटने के लिए तैयार है, जो 26 मई को बालासोर के निकट दस्तक दे सकता है। पटनायक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ वार्ता के दौरान यह बात कही जो चक्रवात की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री से कहा, ‘‘हम पूरी तरह तैयार हैं और हमारे अधिकारी केंद्र सरकार के अधिकारियों के संपर्क में हैं। जरूरतों को लेकर हम आपको सूचित करेंगे।’’
शाह ने ट्विटर पर कहा, ‘‘मैंने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, विभिन्न अस्पतालों में बिजली बैक अप की व्यवस्था करने और राज्य में ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्रों में सुरक्षा के निर्देश जारी किए हैं।’’ ओडिशा सरकार ने निचले इलाकों और बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा तथा जगतसिंहपुर जिलों से करीब एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। इन जिलों में चक्रवात का खतरा ज्यादा है।


Download Android App
Download iOS App



