महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य अधिकारियों से राज्य के उन सात जिलों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा जहां कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तुलनात्मक रूप से अधिक सामने आ रहे हैं। ठाकरे ने कहा कि ऐसे जिलों में जांच और टीकाकरण की संख्या बढ़ाई जाए।
ठाकरे ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिबंधों में ढील देने में जल्दबाजी नहीं की जानी चाहिए और वायरस के प्रसार को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को लापरवाही नहीं करनी चाहिए। रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सतारा, सांगली, कोल्हापुर और हिंगोली जिले में संक्रमण के अधिक मामले सामने आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इन जिलों के जिलाधिकारियों को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग को संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर सभी जिलों में ऑक्सीजन बिस्तर, आईसीयू बिस्तर और फील्ड अस्पताल स्थापित करने की योजना बनानी चाहिए।
ठाकरे ने कहा कि वर्तमान में दूसरी लहर, डेल्टा प्लस प्रकार और तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य अवसंरचना को बेहतर बनाना आवश्यक है। स्वास्थ्य सचिव प्रदीप व्यास ने कहा कि राज्य में संक्रमण की दर घटकर 0.15 प्रतिशत रह गई है लेकिन उक्त सात जिलों में यह दर दोगुनी या तिगुनी है।
इस बीच, ऑक्सीजन उत्पादकों के साथ अलग से हुई एक बैठक में ठाकरे ने कहा कि राज्य का लक्ष्य प्रतिदिन तीन हजार मीट्रिक तन ऑक्सीजन उत्पादन करना है और इसके लिए उत्पादन तथा भंडारण क्षमता बढ़ाने की जरूरत है।


Download Android App
Download iOS App



