हैदराबाद मुठभेड़ जनाक्रोश का परिणाम : विजय रूपाणी

Summary :

विजय रूपाणी ने कहा, “देश के लोगों के बीच काफी आक्रोश है और उसका नतीजा मुठभेड़ के रूप में देखने को मिला।” यह मुठभेड़ उस वक्त हुई जब आरोपियों को जांच के तहत वारदात स्थल पर ले जाया गया था।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शुक्रवार को कहा कि हैदराबाद बलात्कार एवं हत्या मामले के चार आरोपियों का पुलिस मुठभेड़ में मारा जाना इस नृशंस अपराध के खिलाफ जनाक्रोश का परिणाम है। पुलिस के मुताबिक हैदराबाद के पास पिछले महीने 25 वर्षीय पशु चिकित्सक से सामूहिक बलात्कार और हत्या मामले के सभी चारों आरोपी शुक्रवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। 

हैदराबाद गैंगरेप : एनकाउंटर पर बोले पुलिस कमिश्नर-आरोपियों ने पिस्टल छीनकर की थी फायरिंग, 2 पुलिसकर्मी भी हुए घायल

रूपाणी ने कहा कि पशु चिकित्सक के साथ हुई घटना से व्यापक स्तर पर जनाक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने तापी जिले के सोनगढ़ में संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोगों के अंदर यह भावना है कि अमानवीय अपराध करने वालों को सख्त सजा दी जानी चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश के लोगों के बीच काफी आक्रोश है और उसका नतीजा मुठभेड़ के रूप में देखने को मिला।’’ यह मुठभेड़ उस वक्त हुई जब आरोपियों को जांच के तहत वारदात स्थल पर ले जाया गया था। 

Desk Team