नागरिकता कानून: असम में मंगलवार तक इंटरनेट सेवा पर रोक

Summary :

असम में शांति और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से प्रदेश में सोमवार को अगले 24 घंटों के लिये इंटरनेट सेवा को और स्थगित रखने का फैसला किया गया।

असम में शांति और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने में सोशल मीडिया के कथित दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से प्रदेश में सोमवार को अगले 24 घंटों के लिये इंटरनेट सेवा को और स्थगित रखने का फैसला किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों के बीच राज्य में बीते बुधवार से ही इंटरनेट सेवा स्थगित है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं राजनीतिक मामले) संजय कृष्ण ने बताया, “समूचे असम में इंटरनेट सेवाएं मंगलवार तक स्थगित रहेंगी।”
उनके अनुसार, ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि, “फेसबुक, वाट्सऐप, ट्विटर और यू-ट्यूब आदि जैसे सोशल मीडिया माध्यमों के अफवाहों को फैलाने के लिये इस्तेमाल होने के साथ ही तस्वीरें,वीडियो और टेक्स्ट के संप्रेषण में होने की आशंका है। इनसे आक्रोश भड़क सकता है और कानून-व्यवस्था के लिये गंभीर स्थिति बन सकती है।” राज्य में बीते बुधवार को शुरू में सिर्फ 10 जिलों में 24 घंटे के लिये इंटरनेट सेवा रोकी गई थी, गुरुवार को इसे पूरे प्रदेश में अगले 48 घंटों के लिये बढ़ा दिया गया। 

Desk Team