असम में शनिवार को स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही जबकि प्रदर्शनकारियों ने राज्य के कई हिस्सों में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ शांतिपूर्ण रैलियां निकालीं। पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था सुधरने के मद्देनजर डिब्रूगढ़ में शनिवार को कर्फ्यू में सुबह छह बजे से 16 घंटे की ढील दी गई।
संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों के बाद यहां कर्फ्यू लगा दिया गया था। राज्य में इस कानून के खिलाफ प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) ने दोपहर में गुवाहाटी में धरना देने का कार्यक्रम बनाया है। राज्य में नौ दिनों की रोक के बाद शुक्रवार को मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल की गईं जबकि ब्रॉडबैंड सेवाएं 18 दिसंबर से फिर से शुरू कर दी गईं थी।
असम पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर सूचना पोस्ट करते या साझा करते वक्त सावधानी बरतने की अपील की है और कहा है कि राज्य में शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कानून को लेकर चिंताओं को व्यर्थ बताया है और कहा है कि वह किसी को भी राज्य के लोगों के अधिकार एवं सम्मान को नुकसान नहीं पहुंचाने देंगे।


Download Android App
Download iOS App



