ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दावा किया है कि राज्य में पिछले 20 साल में गरीबी के स्तर में 25 फीसदी गिरावट आयी है । पटनायक राज्य में लगभग 20 सालों से सत्तासीन हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समावेशी समाज के निर्माण के प्रति कोशिश तेज करने का अपना संकल्प दोहराती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ ओडिशा की परिवर्तनशील पहलों और नीतियों से पिछले दो दशक में गरीबी में भारी गिरावट यानि करीब 25 फीसदी गिरावट आयी है, फलस्वरूप लाखों लोग गरीबी के बाहर आ गये हैं।’’ वह बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस के मौके पर बोल रहे थे।
ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने जून में 16वीं विधानसभा के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा था कि राज्य सरकार गरीबी के स्तर को पांच फीसदी से कम पर लाने के लिए काम करेगी। ओडिशा और बिहार देश में सबसे निर्धन राज्यों में शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2011-12 में बिहार में 33.34 फीसद लोग गरीब थे जबकि ओड़िशा में इसी अवधि में ऐसे लोगों की संख्या 32.59 फीसद थी। ओडिशा सरकार ने कहा था कि उसकी कृषक आजीविका एवं आय वृद्धि सहायता योजना (काली) से ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे एवं सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा और गरीबी कम करने में मदद मिलेगी।


Download Android App
Download iOS App



