CM ममता बनर्जी ने की डेंगू से सुरक्षित रहने के लिए एहतियाती कदमों का पालन करने की अपील

Summary :

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वैश्विक महामारी के बीच लोगों से खुद को डेंगू से सुरक्षित रखने के लिए एहतियाती कदमों का पालन करने की शनिवार को अपील की।

देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में संक्रमितों और मृतकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी सामने आ रही है। इस पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वैश्विक महामारी के बीच लोगों से खुद को डेंगू से सुरक्षित रखने के लिए एहतियाती कदमों का पालन करने की शनिवार को अपील की। स्वास्थ्य विभाग का प्रभार संभालने वाली बनर्जी ने संकट के इस समय में डेंगू से लड़ रहे स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की। 
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज राष्ट्रीय डेंगू दिवस के मौके पर मैं उन स्वाथ्य कर्मियों की प्रशंसा करना चाहती हूं जो कोविड-19 वैश्विक महामारी के बीच डेंगू से लड़ने में अथक मेहनत कर रहे हैं। डेंगू से बचाव के लिए प्रभावी सामुदायिक लड़ाई जरूरी है और मैं सभी से खुद को सुरक्षित रखने और एहतियाती उपायों का पालन करने की अपील करती हूं।” 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में डेंगू के मामलों में अचानक वृद्धि के बाद पश्चिम बंगाल सरकार को पत्र लिखकर बीमारी के प्रकोप की आशंका को लेकर आगाह किया था। बनर्जी ने अपने अधिकारियों को कोरोना वायरस प्रकोप के बीच डेंगू से निपटने के प्रयासों को नहीं भूलने को लेकर चेताया है। 

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत और 36 अन्य के घायल होने पर शोक प्रकट किया। बनर्जी ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश के औरैया में त्रासद सड़क हादसे के बारे में सुनकर अत्यंत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं मजदूर भाई-बहनों के परिवार के प्रति हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।” 

Desk Team