पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे एक पत्र में कहा कि राज्यों को जीएसटी राजस्व की क्षतिपूर्ति से वंचित करना ‘‘संघीय व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास है।’’
प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर राज्यों और केन्द्र के बीच के विश्वास को नहीं तोड़ने का अनुरोध करते हुए बनर्जी ने उनसे कहा, ‘‘राज्यों को जीएसटी राजस्व क्षतिपूर्ति से वंचित करके देश की संघीय राजनीतिक व्यवस्था को असहनीय आघात ना पहुंचाएं।’’
बनर्जी ने चार पन्नों के पत्र में लिखा है, ‘‘माल एवं सेवा कर की जटिलताओं से मैं बहुत दुखी हूं, जो राज्यों के प्रति भारत सरकार के विश्वास और नैतिक जिम्मेदारी के उल्लंघन जैसा है।’’ साथ ही मुख्यमंत्री ने लिखा है कि ‘सहमति के फार्मूले’ के तहत कर लगाने के अधिकार को छोड़ने के लिए जीएसटी संग्रहण में आने वाली कमी की अगले पांच साल तक पूरी भरपाई का वादा किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



