CM पटनायक ने की कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और ‘शून्य संक्रमण’ लक्ष्य को हासिल करने की अपील

Summary :

कोरोना वायरस मामलों के बढ़ने के बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लोगों से कोविड के दिशानिर्देशों का पालन करने और ‘शून्य संक्रमण’ लक्ष्य को हासिल करने की अपील की।

देश के कई हिस्सों में कोरोना वायरस मामलों के बढ़ने के बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को लोगों से कोविड के दिशानिर्देशों का पालन करने और ‘शून्य संक्रमण’ लक्ष्य को हासिल करने की अपील की। एक संदेश में, मुख्यमंत्री ने घातक वायरस के खिलाफ राज्य की लड़ाई में लोगों से सहयोग की मांग की।
पटनायक ने कहा, आपके समर्थन के साथ, ओडिशा में कोविड की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी महामारी के खिलाफ हमारी लड़ाई की प्रशंसा की है। हमारे संक्रमण की दर अब 100 से नीचे है। शून्य संक्रमण हमारा लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि किसी को भी वायरस को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि कोरोना वायरस का खतरा अभी भी बना हुआ है।
महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे कुछ राज्यों में स्थिति खराब हो गई है। महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में अब फिर से लॉकडाउन लगा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन का कड़वा अनुभव अभी भी लोगों के जेहन में है, क्योंकि इससे अर्थव्यवस्था, सामाजिक जीवन, बच्चों की शिक्षा और अन्य सभी क्षेत्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से बचने का एकमात्र तरीका अत्यधिक सतर्क रहना है। उन्होंने कहा कि राज्य में टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भी लोगों से सहयोग मांगा।

Desk Team