ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से शुक्रवार को बात की और उन्हें चक्रवात तूफान ‘अम्फान’ के कारण पैदा हुए संकट से निपटने में हर प्रकार की मदद करने का आश्वासन दिया। पश्चिम बंगाल में उत्पात मचाने वाले ‘अम्फान’ के कारण राज्य में अब तक 80 लोगों की मौत हो गई है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री के कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि पटनायक ने फोन पर हुई बातचीत में इस अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के कारण हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली और संकट के इस समय में पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ ओडिशा की एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पटनायक ने इस मुश्किल हालात से निपटने के लिए पश्चिम बंगाल को हरसंभव मदद मुहैया कराने का भी आश्वासन दिया।
अम्फान : बंगाल में अब तक 80 लोगों की मौत, CM ममता ने चक्रवात को बताया ‘राष्ट्रीय आपदा’ से अधिक खतरनाक
पटनायक ने बनर्जी के साथ फोन पर बातचीत से एक दिन पहले भी पश्चिम बंगाल को हरसंभव मदद मुहैया कराने का भरोसा दिलाया था। उन्होंने पश्चिम बंगाल में इस प्राकृतिक आपदा के कारण हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक प्रकट किया।उन्होंने मुख्य सचिव को गुरुवार को आदेश दिया कि वह पश्चिम बंगाल में अपने समकक्ष के संपर्क में रहें और पड़ोसी राज्य में हर प्रकार की संभावित मदद सुनिश्चित करें।
पटनायक ने कहा था, ‘‘ओडिशा के लोग संकट की इस घड़ी में पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ खड़े हैं।’’ चक्रवात ‘अम्फान’ ओडिशा के तट के पास से गुजर गया, जिसके कारण राज्य में उतना नुकसान नहीं हुआ, जितना पश्चिम बंगाल में हुआ है। चक्रवात ‘अम्फान’ को बंगाल की खाड़ी में 1999 के महाचक्रवात के बाद दूसरा सबसे भीषण तूफान माना जा रहा है। इक्कीस साल पहले आए महाचक्रवात में लगभग 10 हजार लोगों की मौत हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



