मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा है कि गोवा सरकार 45 साल से अधिक उम्र के ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करने के लिए ‘टीका उत्सव’ शुरू करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल कांफ्रेंस करने के एक दिन बाद यह अभियान शुरू किया गया है। इसे लेकर सीएम सावंत ने कहा, गोवा में 11-14 अप्रैल 2021 से राज्य भर में टीका उत्सव आयोजित होगा। ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करने के लिए इस अभियान को पंचायत स्तर पर चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, यह गोवा की सभी ग्राम पंचायतों में मनाया जाएगा। हमारे पास बुनियादी ढांचा उपलब्ध है। प्रधानमंत्री ने भी परीक्षण, ट्रैकिंग पर जोर दिया है। हम टीकाकरण के साथ-साथ परीक्षणों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं। यदि 45 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोग टीकाकरण करवा लें, तो राज्य में 50 प्रतिशत आबादी कवर हो जाएगी। सावंत ने यह भी कहा कि एसओपी और टीकाकरण ही कोविड-19 संकट का एकमात्र समाधान है न कि लॉकडाउन।
इसके अलावा उन्होंने एक रात कर्फ्यू लगाने से भी इनकार करते हुए कहा कि चूंकि गोवा पर्यटन स्थल है इसलिए यहां यह प्राथमिक विकल्प नहीं है। उन्होंने यह भी कहा, लेकिन लोगों को बिना कारण बाहर नहीं जाना चाहिए और रात में बाहर निकलने से बचना चाहिए। बता दें कि गोवा में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के कुल 582 लोगों का परीक्षण पॉजिटिव आया है और यहां अभी 3,331 सक्रिय मामले हैं।


Download Android App
Download iOS App



