मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को जिलों में कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा की और लोगों को उनकी सुरक्षा के लिए मास्क पहनने की जरूरत पर जागरूक करने के लिए अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सीएम शिवराज ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कहा कि सभी सोशल मीडिया पर ‘‘मेरा मास्क मेरी सुरक्षा’’ का संदेश पोस्ट करें और लोगों को जागरुक करने के लिए अभियान चलाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोजाना सुबह 11 बजे और शाम सात बजे सायरन बजाकर लोगों को मास्क पहनने के बारे में सचेत करें और इस काम में जनप्रतिनिधियों तथा धार्मिक नेताओं का भी सहयोग लें। सीएम शिवराज चौहान ने एनएसएस कार्यकर्ताओं और एनसीसी कैडेट्स से भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा। होली के त्योहार पर अधिक मेल-जोल से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने लोगों को ‘मेरे घर में मेरी होली’ का नारा दिया। सीएम शिवराज चौहान ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राज्य में किसी पारंपरिक मेले का आयोजन ना हो और नाहीं किसी कार्यक्रम में 20 से अधिक लोग उपस्थित हों।
उन्होंने महाराष्ट्र की सीमा से सटे जिलों में कड़ी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। एक अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में रविवार को कोविड-19 के 1,322 नये मामले सामने आये हैं। अब तक प्रदेश में संक्रमित हुए लोगों की संख्या 2,75,727 तक पहुंच गई है। रविवार को तीन मौतों के साथ ही इस महामारी से प्रदेश में मरने वालों की संख्या 3,906 हो गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में 663 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिससे मध्य प्रदेश में इस बीमारी से उबरने वालों की गिनती 2,63,821 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



