मध्यप्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को फिर से चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर इस महामारी से निपटने में सहयोग दें और इसे जन अभियान के रूप लड़कर परास्त किया जा सकता है।
चौहान ने यहां पौधा रोपण के बाद मीडिया से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोरोना के रूप में मानवता पर संकट आया हुआ है। इस स्थिति में वे राजनैतिक दलों से भी अपील करते हैं कि सभी अपने मतभेद भूलकर इस महामारी से लड़ने में अपना अपना सहयोग सुनिश्चित करें। इसका मुकाबला करने के लिए जन अभियान की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में कांग्रेस नेताओं से भी चर्चा करेंगे। यह समय की मांग है कि सब लोग मतभेद भूलकर कोरोना संक्रमण का मुकाबला करने में जन अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने विभिन्न धर्म गुरुओं, मीडिया संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम लोगों से भी अनुरोध किया है कि कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इससे बचाव के लिए जन जागरुकता आवश्यक है। विभिन्न दल, मीडिया संस्थान और स्वयंसेवी संगठन कोरोना को लेकर लोगों को जागरुक करने में मदद करें।
चौहान ने दोहराया कि संक्रमण उस समय होने की आशंका रहती है, जब कोई व्यक्ति बगैर मॉस्क के घूमता है। इसलिए मॉस्क के उपयोग के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और सेनिटाइजर का उपयोग बहुत जरुरी है।मध्यप्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर के बेकाबू होकर बढ़ने के कारण यह राज्य देश में सातवें क्रम पर आ गया है। यहां प्रतिदिन तीन हजार से अधिक व्यक्ति संक्रमित होकर सामने आ रहे हैं। सक्रिय मामले भी बढ़कर 21 हजार को पार कर गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



