भोपाल में पुलिस बल पर हुए हमले की CM शिवराज सिंह ने की निंदा

Summary :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस बल पर हुए हमले की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कोरोना की इस महामारी से बचाव में जुटे पुलिस बल पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाए गए 21 दिनों के लॉकडाउन का लोगों से पालन कराने के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। वहीं देश के कई हिस्सों से पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले सामने आ रहे है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस बल पर हमला किया गया। 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को पुलिस बल पर हुए हमले की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कोरोना की इस महामारी से बचाव में जुटे पुलिस बल पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा ‘दिन-रात एक कर जनता को इस महामारी से बचाने में लगे पुलिसकर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘कबूतर’ हो या ‘कचौड़’, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। 


मुख्यमंत्री ने कहा, अराजकता फैलाने वाले गुंडे-बदमाशों को सबक सिखाना अतिआवश्यक है। इन गुंडों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की जाएगी।’ दरअसल, पुलिस ने लॉकडाउन में घूम रही भीड़ को घरों में रहने को कहा तो बदमाशों ने पुलिस पर चाकू से हमला कर पथराव कर दिया। हमले में तलैया पुलिस स्टेशन के दो जवान घायल हो गए है। एक सिपाही के बाएं हाथ और दूसरे सिपाही के बाएं कंधे पर चाकू लगा है।

Desk Team