कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच CM उद्धव ने फिल्म, धारावाहिक निर्माताओं से की वार्ता

Summary :

महाराष्ट्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच रविवार को फिल्म एवं टेलीविजन निर्माताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ बैठक की और महामारी से निपटने के कदम में पूर्ण समर्थन की पेशकश की।

महाराष्ट्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच रविवार को फिल्म एवं टेलीविजन निर्माताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ बैठक की और महामारी से निपटने के कदम में पूर्ण समर्थन की पेशकश की। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हिंदी और मराठी फिल्म व टेलीविजन निर्माताओं के साथ हुई ऑनलाइन बैठक में मुख्यमंत्री ठाकरे ने उनसे सहयोग एवं सलाह मांगी। 
मुख्यमंत्री ने शनिवार को नाटक निर्माताओं, मल्टीप्लेक्स एवं एकल स्क्रीन मालिकों एवं जिम मालिकों से संवाद किया था और कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर उनकी राय जानी थी। सिनेमा ऑनर्स ऐंड इग्ज़िबिटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नितिन दतार ने बताया कि उन्होंने सुझाव दिया कि अगर सरकार इच्छा व्यक्त करे तो वह एकल स्क्रीन सिनेमाघरों के मालिकों से उनकी संपत्ति को कोविड-19 मरीज देखभाल केंद्र के तौर पर इस्तेमाल करने लिए बात कर सकते हैं। 
उन्होंने कहा कि महामारी और अन्य कई कारणों से ये सिनेमाघर बंद हैं। दूसरी तरफ, कोविड-19 के मामले बढ़ने के मद्देनजर मुंबई नगर निकाय ने रविवार को कहा कि उसने शहर में संक्रमित मरीजों का इलाज करने वाले चिकित्सा केंद्रों में और अधिक बिस्तरों की व्यवस्था करने का फैसला किया है। 
शहर में शनिवार को कोरोना वायरस के 9,108 नए मामले सामने आए, जो एक दिन में आए संक्रमण के सबसे अधिक मामले हैं। महानगरपालिका आयुक्त आई एस चहल ने एक बयान में कहा, ‘‘हमने वृहन्मुंबई महानगरपालिका (एमसीजीएम) के तहत आने वाले कोविड-19 स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों और कोविड-19 अस्पतालों में पिछले सात दिन में अतिरिक्त 3,000 बिस्तरों की व्यवस्था की है।’’ 
चहल ने यह भी कहा कि कुछ मरीज अपने पसंद के अस्पताल में भर्ती होने का इंतजार करने के कारण गंभीर स्थिति में जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर बीमारी के लक्षण हैं तो मरीजों को तुरंत इलाज के लिए जहां बिस्तर मिलें, वहां भर्ती हो जाना चाहिए, क्योंकि हर जगह इलाज की प्रक्रिया समान है और अब काफी अच्छी व्यवस्था है।’’ 

Desk Team