गुजराती नूतन वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोमवार को पंचदेव मंदिर में दर्शन किए और राज्य के सुख, समृद्धि और प्रगति की कामना की। रूपाणी ने पत्नी अंजली के साथ विक्रम संवत 2076 के पहले दिन आज सुबह गांधीनगर स्थित पंचदेव मंदिर में दर्शन किए।
उन्होंने नूतन वर्ष के अवसर पर यहां के मंत्रिमंडल निवास संकुल में स्थित सामुदायिक केंद्र में नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएं देने के बाद राजभवन जाकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात कर उन्हें भी नए वर्ष की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने सुबह शाहीबाग स्थित अहमदाबाद सर्किट हाउस एनेक्सी में नागरिकों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।
इससे पूर्व विजय रूपाणी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नए साल की शुरूआत में यहां पुराने शहर के लाल दरवाजा के निकट स्थित भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना की परंपरा जारी रखते हुए भद्र काली माता के मंदिर में भी दर्शन किए।
राज्य के उपमुख्यमंत्री नितिन भाई पटेल ने भी नववर्ष के अवसर पर आज कडी के यवतेश्वर महादेव मंदिर में देवाधिदेव महादेव के दर्शन कर पूजा अर्चना की और सभी नागरिकों के लिए मंगल कामना की। उल्लेखनीय है कि गुजरात में दीपावली के अगले दिन नववर्ष की शुरूआत होती है।


Download Android App
Download iOS App



