कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के लिए राज्य में लॉकडाउन लागू करने की संभावना से इनकार करते हुए मंगलवार को कहा कि उन्होंने भविष्य की कार्रवाई पर फैसला करने के लिए 18 अप्रैल को सर्व दलीय बैठक बलाई है।
येदियुरप्पा ने बीदर में पत्रकारों से कहा, “ लॉकडाउन का सवाल ही नहीं है।” मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) ने लॉकडाउन की सिफारिश नहीं की। येदियुरप्पा ने कहा, “ मैं टीएसी में हूं। किसी ने लॉकडाउन की अनुशंसा नहीं की।”
पूर्व मुख्यमंत्रियों सिद्धरमैया और एचडी कुमारस्वामी तथा कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख डीके शिवकुमार समेत तकनीकी सलाहकार समिति के सदस्य 18 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेंगे। महामारी को काबू करने के लिए लोगों के समर्थन पर जोर देते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू पहले ही लागू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, “ लोगों को मास्क लगाकर, हाथों की स्वच्छता बनाए रखकर और सामाजिक दूरी का पालन करके सहयोग करना चाहिए। ” येदियुरप्पा ने कहा, “ मैं हाथ जोड़कर लोगों से सहयोग की अपील करता हूं।” उन्होंने उगादि के मौके पर सभी लोगों के लिए शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने उगादि पर अपने संदेश में कहा, “कामना करता हूं कि सभी की जिंदगियों से मुश्किलें दूर हो जाएं और ये कोरोना वायरस महामारी भी खत्म हो जाए।”


Download Android App
Download iOS App



