CM येदियुरप्पा ने कहा- सेक्स स्कैंडल मामले का उपचुनावों पर नहीं पड़ेगा कोई प्रभाव

Summary :

बी एस येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि पूर्व मंत्री रमेश जरकिहोली की कथित संलिप्तता वाले ‘सेक्स सीडी स्कैंडल’ का आगामी उपचुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि पूर्व मंत्री रमेश जरकिहोली की कथित संलिप्तता वाले ‘सेक्स सीडी स्कैंडल’ का आगामी उपचुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने जरकिहोली से चुनाव प्रचार में शामिल होने का आह्वान किया। 
येदियुरप्पा ने यह भी कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच चल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे कानून मंत्री बसावराज बोम्मई इस मामले की निष्पक्ष जांच करा रहे हैं…यह विदित है कि रमेश जरकिहोली के विरूद्ध अनावश्यक आरोप लगाये हैं, और यह भी चर्चा चल रही है कि दुर्भावना से ये आरोप लगाये गये हैं…देखते हैं और इंतजार करते हैं।
उन्होंने कहा कि हम कानून के दायरे में सभी कुछ का सामना करने को तैयार हैं… इसका (स्कैंडल का) उपचुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा और मैं जरकिहोली से सामने आने और चुनाव प्रचार में भाग लेने को कहूंगा। मुख्यमंत्री बेलगाम लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मंगला सुरेश अंगाडी के नामांकन पत्र भरने के समय मौजूद रहने के लिए यहां आये थे। 
जरकिहोली ने तीन मार्च को जल संसाधन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। उससे एक दिन पहले खबरिया चैनलों पर एक वीडियो क्लिप दिखाया था जिसमें कथित रूप से वह एक महिला से अंतरंग संबंध बनाते हुए नजर आ रहे थे।
जरकिहोली ने बार बार अपने को बेगुनाह एवं वीडियो को ‘फर्जी’ करार दिया है। इस क्लिप में नजर आ रही महिला ने उन पर सरकारी नौकरी दिलाने का वादा करके उसका ‘यौन ’ शोषण करने, धोख देने एवं धमकी देने का आरोप लगाया है। बेलगाम लोकसभा सीट, मास्की और बसावकल्याण विधानसभा सीटों पर 17 अप्रैल को चुनाव है। बेलगाम लोकसभा क्षेत्र बेलगावी के अंतर्गत है जो जरकिहोली का गृह जिला है।

Desk Team