कांग्रेस ने असम पुलिस भर्ती प्रश्नपत्र लीक घोटाला मामले में बीजेपी के वरिष्ठ नेता के शामिल होने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने दावा किया कि आरएसएस पुलिस बल में अपने काडर को प्रवेश दिलाने की योजना बना रहा है।
विपक्षी पार्टी ने मामले की हाई कोर्ट के किसी मौजूदा न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की जबकि आल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) ने राज्य में प्रदर्शन किया और असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल का पुतला दहन किया।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिपुन बोरा ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पुलिस बल में अपने काडर को प्रवेश कराने की योजना थी। इसलिए बीजेपी के नेता इस प्रक्रिया में शामिल थे।’’ घोटाले के संबंध में बीजेपी किसान मोर्चे के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य डिबान डेका का नाम सामने आया है।
राज्यसभा सदस्य बोरा ने कहा, ‘‘असम पुलिस मुख्यमंत्री के अधीन आती है। पुलिस के खिलाफ पुलिस विभाग की जांच निष्पक्ष कैसे हो सकती है? हम हाई कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश से निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



