महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख बालासाहेब थोराट (Balasaheb Thorat) ने बृहस्पतिवार को ऑनलाइन आंदोलन ‘Speakupindia’ का राज्य में नेतृत्व करते हुए केंद्र सरकार से राहुल गांधी द्वारा प्रस्तावित न्याय योजना की तर्ज पर गरीबों को आर्थिक मदद प्रदान करने की मांग की।
राज्य के कांग्रेस नेताओं ने यूट्यूब, फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से केंद्र से हर गरीब परिवार को शुरुआत में 10,000 रुपये और अगले छह महीनों तक प्रतिमाह 7,500 रुपये देने के की मांग की। थोराट ने कहा कि यह आंदोलन पार्टी के निर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर लागू लॉकडाउन से बुरी तरह प्रभावित गरीबों को पैसा मिलने से वे खरीददारी में सक्षम होंगे और अंततः अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने में मदद करेंगे। पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले गांधी ने न्याय योजना का प्रस्ताव दिया था।
इस योजना के तहत, उन्होंने प्रस्ताव दिया था कि गरीबों को प्रति माह एक निश्चित राशि प्रदान कर उन्हें खरीदारी में सक्षम बनाया जाए। गांधी ने कहा था कि गरीबों की क्रय शक्ति में इजाफे से कारखानों में उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी जिससे आगे चलकर रोजगार सृजित होंगे।


Download Android App
Download iOS App



