असम चुनाव: कांग्रेस ने किया दावा- परिणाम की जल्द बदलेगी तस्वीर, ‘महाजोत’ बनाएगी सरकार

Summary :

असम में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के एक बार फिर सत्ता में वापसी करने के रुझान आने के बाद कांग्रेस ने दावा किया कि अंतिम नतीजे आने पर उसकी अगुवाई वाला ‘महाजोत’ विजेता बनेगा और अगली सरकार गठित करेगा।

असम में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के एक बार फिर सत्ता में वापसी करने के रुझान आने के बाद कांग्रेस ने दावा किया कि अंतिम नतीजे आने पर उसकी अगुवाई वाला ‘महाजोत’ विजेता बनेगा और अगली सरकार गठित करेगा। कांग्रेस महासचिव और असम के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि अगले कुछ घंटों में ये रुझान बदल जाएंगे। 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अब भी कह रहा हूं कि महाजोत जीतेगा और सरकार बनाएगा।’’ सिंह ने लोगों का आह्वान किया कि वे कुछ घंटे का इंतजार करेंगे क्योंकि ये रुझान बदल सकते हैं। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिपुन बोरा के पीछे चलने के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि यह कभी भी बदल सकता है। रिपुन बोरा गोहपुर विधानसभा क्षेत्र में दोपहर के समय तक भाजपा उम्मीदवार उत्पल बोरा से पांच हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहे थे। 
असम में विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना के रुझानों के मुताबिक सत्तारूढ़ भाजपा नीत राजग को 77 सीटों पर बढ़त मिली है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व में बने महागठबंधन को 40 सीटों पर बढ़त हासिल है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी 62 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी असम गण परिषद् (एजीपी) के प्रत्याशी 10 और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के प्रत्याशी सात सीटों पर आगे चल रहे हैं। 
दूसरी तरफ, कांग्रेस के प्रत्याशियों ने शुरुआती दौर में 26 सीटों पर बढ़त हासिल की है और एआईयूडीएफ 10 सीटों पर आगे चल रही है। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा और एजीपी प्रमुख एवं मंत्री अतुल बोरा क्रमश: माजुली, जालुकबारी और बोकाखत से आगे चल रहे हैं। 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद रिपुन बोरा और विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया गोहपुर और नजीरा में पीछे चल रहे हैं। जेल में बंद रायजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई सिबसागर सीट से आगे चल रहे हैं जबकि एएएसयू (आसू) के पूर्व नेता एवं सीएए विरोधी प्रदर्शनों के अगुआ असम जातीय परिषद के लुरिनज्योति गोगोई नहरकटिया में पीछे चल रहे हैं। असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं और बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत है। 

Desk Team