मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार ने 76 दिन के कार्यकाल में प्रदेश की खराब वित्तीय स्थिति को सुधारने के साथ-साथ अपने ‘वचन पत्र’ में शामिल 83 बिंदु पूरे कर दिए हैं। साथ ही, उन्होंने आशा जताई कि उनकी पार्टी कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में 25 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। कमलनाथ ने अपनी सरकार के कार्यों का हिसाब देते हुए यहां संवाददाताओं को बताया, ‘’76 दिनों में हमने 83 बिंदु अपने ‘वचन पत्र’ के पूरे किये हैं और अन्य वादों को भी हम पूरा करेंगे।’’
किसानों की कर्ज माफी, युवा रोजगार एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की अनुदान राशि बढ़ाने और इंदिरा गृह ज्योति योजना सहित विभिन्न वादों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कल शाम तक लगभग 25 लाख किसानों का कर्ज माफ हो जाएगा और उन्हें बैंकों से ‘नो ड्यूज सर्टिफिकेट’ (बकाया नहीं प्रमाणपत्र) मिल जाएगा।’’ कमलनाथ ने कहा, ‘‘हम 50 लाख किसनों का कर्ज माफ करेंगे।’’ दरअसल, कांग्रेस नीत मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ‘जय किसान फसल ऋण माफी योजना’ के तहत प्रदेश में किसानों का दो लाख रूपये तक का कर्ज माफ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ मैं उम्मीद करता हूं कि मध्यप्रदेश की भाजपा नीत पिछली सरकार अपने 15 साल के शासन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने 5 साल के कार्यकाल का हिसाब देंगे।’’ उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अंत्यव्यवसायी वित्त विकास निगम एवं मध्य प्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम द्वारा वर्ष 2014-15 तक के वितरित ऋणों में एक लाख रूपये तक का ऋण माफ किया जाएगा। इससे प्रदेश के अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 32,000 युवा ऋण मुक्त हो जाएंगे तथा आगे उनके विकास के लिए बैंकों के दरवाजे खुल जाएंगे। कमलनाथ ने कहा कि इंदौर में एक ‘कंफेक्शनरी पार्क’ बनाया जाएगा, जिसे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके लिए जमीन निर्धारित कर ली गई है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मध्यप्रदेश बनाने के लिए प्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का केंद्र बनाना सरकार की प्राथमिकता है।


Download Android App
Download iOS App



