कांग्रेस के नेता ए पी अब्दुल्लाकुट्टी लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग की शानदार जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर विवादों में घिर गए हैं और उनके बयान के बाद पार्टी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है । जीत को मोदी के विकास एजेंडे की स्वीकार्यता बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सफलता का सूत्र यह है कि उन्होंने गांधीवादी मूल्यों को अपनाया है। उन्होंने केंद्र के स्वच्छ भारत अभियान की प्रशंसा की।
उज्ज्वला योजना की भी उन्होंने जमकर तारीफ की जिसकी बदौलत बीपीएल परिवारों की महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन दिया गया है। इसके अलावा कुछ और योजनाओं को भी उन्होंने भाजपा की सफलता का कारक बताया है। फेसबुक पर ‘नरेंद्र मोदी की शानदार जीत’ शीर्षक से पोस्ट में अब्दुल्लाकुट्टी ने कहा कि भगवा पार्टी की जबरदस्त जीत से केवल विपक्ष ही नहीं भाजपा के लोग भी हैरान हैं।
अब्दुल्लाकुट्टी ने कहा, ‘महात्मा गांधी ने सामाजिक कार्यकर्ताओं से कहा था कि जब आप नीति बनाते हैं तो आपको उस गरीब का चेहरा याद रखना चाहिए जिससे आप मिले हैं। मोदी ने सटीक तरीके से इसे अपनाया।’
बहरहाल, कांग्रेस की केरल इकाई के अध्यक्ष मुलापल्ली रामचंद्रन ने मंगलवार को कहा कि मोदी की तारीफ के लिए पार्टी अब्दुल्लाकुट्टी से स्पष्टीकरण मांगेगी। अब्दुल्लाकुट्टी को 2009 में मोदी की तारीफ के लिए माकपा से निकाल दिया गया था। उस समय मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। बाद में अब्दुल्लाकुट्टी कांग्रेस में शामिल हो गए। वह 1999 और 2004 में कन्नूर से सांसद थे।


Download Android App
Download iOS App



