मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता की हत्या का मामला सामने आया है। छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र में कांग्रेस के स्थानीय नेता घनश्याम पटेल की बीती रात में कथित तौर पर धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई। घनश्याम पटेल छतरपुर जिले के महाराजपुर सीट के कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित के सहयोगी थे।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) कमल कुमार जैन ने बताया, ‘‘घनश्याम पटेल (55) मंगलवार-बुधवार की रात को अपने खेत पर सो रहे थे। सोते में ही किसी ने धारदार हथियार से गला काट कर उनकी हत्या कर दी।’’ उन्होंने कहा कि हत्या का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जैन ने बताया कि सुबह पांच बजे के आसपास ग्रामीणों ने शव देखा।
एसडीओपी जैन ने बताया कि मामले कि विस्तृत जांच की जा रही है। इसी बीच, मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित ने घटना को दुखद बताया और कहा, ‘‘ घनश्याम पटेल हमारे पारिवारिक सदस्य जैसा था। हर सुख-दुख में वह हमारे साथ रहता था , उसकी हत्या बहुत दुखद है।’’ उन्होंने कहा कि सभी लोग पटेल को पसंद करते थे। दीक्षित ने राज्य सरकार से पटेल के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।


Download Android App
Download iOS App



