कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का हार्ट अटैक से निधन, कोरोना से थे संक्रमित

Summary :

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दांगी को इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज तड़के उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी का आज तड़के निधन हो गया। वे 63 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दांगी को इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज तड़के उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। बताया गया है कि हृदयाघात के चलते उनका निधन हुआ। दांगी को कुछ समय पहले कोरोना संक्रमण के चलते भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरएंबुलेंस से दिल्ली के अस्पताल में चार पांच दिन पहले भेजा गया था। वहां पर इलाज के बाद उनका कोरोना टेस्ट भी निगेटिव आ गया था। लेकिन स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक नहीं होने के कारण उनका इलाज चल रहा था। इस बीच आज तड़के उनका निधन हो गया।  दांगी की पार्थिव देह आज शाम तक ब्यावरा लाए जाने की उम्मीद है।

वहीं कांग्रेस विधायक के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त किया है। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि “मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री गोवर्धन सिंह दांगी जी के निधन का समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। श्रद्धांजलि!”

देश में कोरोना से मृतकों का आंकड़ा 80 हजार के पार, पॉजिटिव केस 50 लाख के करीब

Desk Team