उत्तर प्रदेश में अयोध्या स्थित श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के बैंक खाते से कुछ दिन पहले दो बार में निकाले गए छह लाख रूपये भारतीय स्टेट बैंक ने सोमवार को ट्रस्ट को वापस कर दिए। यह जानकरी बैंक प्रबंधन ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व सदस्य डॉ. अनिल मिश्र को दी है। ट्रस्ट की ओर से अयोध्या कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
ट्रस्ट की ओर से दी गयी सूचना के अनुसार, फर्जी चेक व फ र्जी हस्ताक्षर द्वारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के खाते से ट्रांसफर करवाई गई 6 लाख रुपये की राशि भारतीय स्टेट बैंक ने वापस श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के खाते में जमा करवा दी है। त्वरित करवाई के लिए बैंक प्रशासन का हार्दिक आभार।
बैंक खाते का संचालन करने में भूमिका निभाने वाले ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि ट्रस्ट के खाते से निकली पूरी रकम वापस आ गई है। अनिल मिश्र ने बताया कि ट्रस्ट के तीन खाते एसबीआई में हैं। दान करने वाले रामभक्त बैंक के चालू व बचत खाते में दान की राशि जमा कर सकेंगे। तीसरा खाता भुगतान का है। इसमें धनराशि तभी जमा की जाएगी जब ट्रस्ट को भुगतान करना होगा। सुरक्षा कारणों से भुगतान अब चेक से नहीं, बल्कि आरटीजीएस से होगा।
अभी भारतीय स्टेट बैंक को पंजाब नेशनल बैंक व बैंक ऑफ बड़ौदा से धनराशि मिलनी शेष है। एसबीआई ने इन दोनों ही बैंक के उच्चाधिकारियों को धनराशि वापस करने के लिए पत्र भी लिखा है। ये रकम गत नौ सितंबर को लखनऊ के पंजाब नेशनल बैंक व बैंक ऑफ बड़ौदा से जालसाज ने फ र्जी चेक से ट्रस्ट के खाते से निकाली थी। जब तीसरी बार खाते से नौ लाख 86 हजार रुपये निकालने का प्रयास हुआ तो एसबीआई की सतर्कता से मामला पकड़ा गया। मामले में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।


Download Android App
Download iOS App



