कांग्रेस विधायकों का राहुल से सीएलपी नेता नामित करने का आग्रह किया

Summary :

कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से अपने नेता को नामित करने का आग्रह किया।

हैदराबाद : तेलंगाना में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से अपने नेता को नामित करने का आग्रह किया। बैठक में एआईसीसी के प्रतिनिधि के सी वेणुगोपाल ने भाग लिया और उन्होंने इस मामले पर पार्टी विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और सांसदों से बात की।

वेणुगोपाल ने कहा कि वह विधायकों के विचारों को गांधी तक पहुंचाएंगे, जो इस संबंध में जल्द से जल्द फैसला लेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हमने तेलंगाना के नए सीएलपी (कांग्रेस विधायक दल) के नेता को नामित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत करने का एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।’’

कांग्रेस ने तेलंगाना में गत सात दिसम्बर को हुए विधानसभा चुनाव में 119 सीटों में से 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बीच चुनावों के बाद विधानसभा का पहला सत्र बृहस्पतिवार को शुरू हुआ और नवनिर्वाचित सदस्यों ने विधायकों के रूप में शपथ ली। मुख्यमंत्री के चन्द्रशेखर राव ने सबसे पहले शपथ ली।

Desk Team