बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि वह हिंदुओं पर आतंकवादी होने का कथित ठप्पा लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है। ओडिशा के बरहमपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले पारालाखेमुंडी में रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘राहुल बाबा की पार्टी ने हिंदू समुदाय को आतंकवाद से जोड़ने की कोशिश की। यह दुनिया भर के हिंदुओं को बदनाम करने की कोशिश थी।’’
बरहमपुर सीट पर 11 अप्रैल को मतदान होने वाले हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि समझौता एक्सप्रेस धमाका मामले में स्वामी असीमानंद सहित कई अन्य आरोपियों को हाल ही में बरी किया गया है। शाह ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने मामले के असल दोषियों को खुला छोड़कर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया था।
इन लोगों को राष्ट्रीय सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।’’ उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए ओड़िशा की नवीन पटनायक सरकार को सत्ता से बेदखल करें। शाह ने आरोप लगाया कि राज्य में बीजद के शासनकाल में भ्रष्टाचार धड़ल्ले से जारी है और तेज विकास के लिए राज्य को ‘‘युवा मुख्यमंत्री’’ की जरूरत है।
TRS और भाजपा के बीच है समझौता, केवल कांग्रेस कर सकती है BJP से मुकाबला : राहुल
उन्होंने कहा, ‘‘बीजद सरकार ने पश्चिम और मध्य ओड़िशा को लेकर सौतेला व्यवहार दिखाया है, जिसकी वजह से ये हिस्से पिछड़े रह गए। राज्य के लोगों को मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए और पीएम के तौर पर नरेंद्र मोदी का दूसरा कार्यकाल सुनिश्चित करना चाहिए।’’ शाह ने मुख्यमंत्री पटनायक पर आरोप लगाया कि 19 साल के बाद भी वह ओड़िया नहीं सीख पाए।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को इस बार ओड़िया बोलने वाला मुख्यमंत्री चुनना चाहिए।’’ ओड़िशा में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव एक साथ होने वाले हैं। इनके लिए मतदान चार चरणों – 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल – में होंगे। भाजपा ने ओड़िशा की कुल 147 विधानसभा सीटों में से कम से कम 120 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है।


Download Android App
Download iOS App



