कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट ब्लॉक होने के बाद उन्होंने माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि राहुल, कांग्रेस और पार्टी नेताओं पर लगभग एक हफ्ते पहले की गई इस कार्रवाई के बाद ट्विटर ने शनिवार को सभी के अकाउंट्स को फिर से रिस्टोर कर दिए है। इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्विटर पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस नेताओं के ट्विटर खातों को निलंबित करने के बारे में पूछे जाने पर कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में पत्रकारों से कहा, ‘‘ट्विटर राजनीति में आ गया है। ट्विटर खाते को इस तरह से बंद करना अवैध और अनुचित है।’’ उन्होंने कहा कि समय आएगा जब माइक्रो ब्लॉगिंग साइट को अपने कृत्य के लिए स्पष्टीकरण देना होगा।
गौरतलब है कि ट्विटर ने राहुल गांधी, कांग्रेस और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर खाते बंद कर दिए थे। कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में नौ वर्षीय बच्ची की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में उसके माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर खाता बंद किया गया था। ट्विटर ने कहा था कि उसने ये कदम नियमों के तहत उठाए हैं।
राहुल के इंस्टाग्राम पोस्ट पर एनसीपीसीआर सख्त, एक्शन को लेकर फेसबुक इंडिया के हेड को किया तलब
इस संबंध में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ट्विटर मामले में राहुल गांधी चोरी और सीनाजोरी जैसी बात कर रहे हैं। दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करना गैर कानूनी है, उनको इतनी समझ होनी चाहिए। अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगनी चाहिए। इसे राजनीतिक मुद्दा बनाना राहुल गांधी की बालहठ को दिखाता है।’’
कांग्रेस की प्रदेश इकाई ट्विटर के खिलाफ माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर ‘‘ट्विटर के पाखंड के खिलाफ बोलो ’’ अभियान चला रही है। इसके तहत ट्विटर से मोदी सरकार के दबाव में भारतीयों की आवाज बंद न करने और न्याय की आवाज उठाने वाले खाते खोलने की मांग की गई है।


Download Android App
Download iOS App



