महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने सोमवार को कहा कि शिवसेना सत्ता में रहे या विपक्ष में, महा विकास आघाड़ी (एमवीए) उसके साथ है।
केंद्रिय एजेंसियों का दुरूपयोग कर राजनीतिक संकट को हवा दे रही भाजपा
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी से केंद्रीय जांच एजेंसियों का ‘‘दुरुपयोग’’ कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट को हवा दे रही है। चव्हाण ने कहा कि शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस का गठबंधन एकजुट है, चाहे वह सरकार में रहे या विपक्ष में।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने यह कहते हुए आगे कोई और टिप्पणी करने से परहेज किया कि मामला शीर्ष न्यायालय के समक्ष है। यशवंत सिन्हा द्वारा राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद चव्हाण संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हमारी नीति स्पष्ट गठबंधन सरकार बनाई और हम इसका पूरा समर्थन करेंगे
चव्हाण की टिप्पणी के एक दिन पहले राकांपा प्रमुख शरद पवार ने विश्वास जताया था कि शिवसेना के बागी विधायक गुवाहाटी से मुंबई पहुंचने के बाद अपना रुख बदल सकते हैं। राकांपा प्रमुख ने कहा था कि एमवीए के सहयोगियों को ठाकरे के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और वह उन्हें ‘अंत तक’ समर्थन देना जारी रखेंगे। पवार ने रविवार को संवाददाताओं से कहा था, ‘‘हमारी नीति स्पष्ट है कि हमने गठबंधन सरकार बनाई है और हम इसका पूरा समर्थन करेंगे। हम अंत तक उद्धव ठाकरे का समर्थन करेंगे। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है।’’


Download Android App
Download iOS App



