हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि जिस पवित्र नगरी में समुद्र मंथन से निकला अमृत छलका हो वह नगरी आज पूरी तरह से नशे की चपेट में है। शुक्रवार को स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सत्ता की सरपरस्ती में महाकुंभ के दौरान कोरोना की विभीषिका में खुला भ्रष्टाचारी खेल खेला गया। इसलिए भाजपा की सत्ता से विदाई तय है।
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि अवैध नशे के माफियाओं ने हरिद्वार की पीढ़ियों को बर्बाद करने का षड्यंत्र रचा है। कांग्रेस पार्टी संकल्प लेती है कि सत्ता में आने पर उसे जड़ से उखाड़ कर ही दम लेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपाई सत्ता की नाक के नीचे सत्ता के सफेदपोशों और खाकी की सांठगांठ से अवैध नशों का एक अंतर्राज्यीय गिरोह काम कर रहा है। पुलिस इन संगठित माफियाओं को पकड़ने की बजाय छोटे-मोटे नशे के तस्करों को पकड़कर खाना-पूर्ति कर रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि पवित्र कुंभ के मेले में खुले भ्रष्टाचार का खेल खेला गया। श्रद्धालुओं के जीवन से खिलवाड़ करते हुए फर्जी कोरोना की जांच की गई। कुंभ मेले के दौरान 11 को कोविड के टेस्ट का ठेका दिया। ताकि लाखों श्रद्धालुओं का आरटी-पीसीआर टेस्ट हो और कोरोना महामारी को फैलने से रोकें। मगर लाखों फर्जी टेस्ट केवल कागजों में हुए और पैसा डकार लिया गया और श्रद्धालुओं व उनके परिवारों की जिंदगी को महामारी की आग में झोंक दिया। लेकिन भाजपा ने सही मायनों में मामले की जांच ही नहीं कराई। हरिद्वार विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि हरिद्वार को नशा मुक्त करना और रोजगार उपलब्ध कराना उनका मुख्य लक्ष्य है। जिस तरह से हरिद्वार में एक दल युवाओं को शराब आदि के नशे में धकेलने का काम कर रहा है। यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो हरिद्वार से नशे को पूर्ण रूप से समाप्त करने का कार्य किया जाएगा। उत्तराखंड में सीएम के चेहरे सवाल पर रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि जो राजनीतिक रूप से अनुभवी और सशक्त नेता होगा वही कांग्रेस का सीएम का चेहरा बनेगा। इस दौरान उन्होंने हरीश रावत, प्रीतम सिंह और गणेश गोदियाल का नाम भी गिनाया।


Download Android App
Download iOS App



