कर्नाटक सरकार कुकर बम विस्फोट में घायल हुए ऑटोरिक्शा चालक पुरुषोत्तम पुजारी के इलाज का खर्च वहन करेगी।यहां 19 नवंबर को कुकर बम विस्फोट हुआ था, जिसमें पुरुषोत्तम पुजारी घायल हो गए थे। उनका यहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब तक, उनके इलाज का खर्च उनकी बेटी ने अपने कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) प्रावधानों के तहत उठाया था।अस्पताल ने अब सूचित किया है कि आगे का इलाज का खर्च ईएसआई योजना के तहत नहीं आएगा।
दक्षिण कन्नड़ जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को जारी एक आदेश में कहा गया, ‘‘उपचार व्यय के लिए परिवार पर दबाव डाले बिना अस्पताल की ओर से इलाज जारी रखा जाए। इसलिए अब तक ईएसआई के माध्यम से जो राशि का भुगतान किया गया, उसका भुगतान अब सरकार द्वारा किया जाएगा। ’’ऑटो रिक्शा कुकर विस्फोट में मोहम्मद शरीक के साथ घायल हुए पुजारी को 19 नवंबर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आतंकवादी मामले में मुख्य संदिग्ध शरीक को अब अधिकारियों द्वारा बेंगलुरु स्थानांतरित कर दिया गया है। पुजारी को प्लास्टिक सर्जरी के लिए अगले 15 से 20 दिनों तक अस्पताल में इलाज कराना होगा।कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने पुजारी को उनके इलाज के दौरान 50,000 रुपये दिए थे, जबकि जिले के प्रभारी मंत्री वी सुनील कुमार ने 25,000 रुपये दिए थे।आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि जिला प्रशासन ने सरकार को प्रस्ताव भेजकर पुजारी के लिए मुआवजे की मांग की है और जवाब का इंतजार है।


Download Android App
Download iOS App



