वाटरवेज लीजर टूरिज्म ने मंगलवार को कहा कि पिछले रविवार को कोर्डेलिया क्रूज पर सवार हुए यात्रियों का न सिर्फ पूर्ण टीकाकरण हुआ था, बल्कि जहाज पर सवार होते समय उन सभी की आरटी-पीसीआर जांच की रिपोर्ट नेगेटिव थी। क्रूज लाइनर ने एक बयान में कहा कि जिन सभी अतिथियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनमें इसके लक्षण नहीं हैं। साथ ही कहा कि कोर्डेलिया क्रूज नौवहन महानिदेशालय के सभी नियमों का और कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कर रहा है।
इसने यह भी कहा कि कंपनी बंदरगाह अधिकारियों, राज्य, केंद्र और सभी अन्य एजेंसियों तथा कार्यालयों के साथ इस विषय में पूरा सहयोग कर रहा है। कंपनी ने कहा कि आज की तारीख में ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों को लेकर नौवहन महानिदेशालय के परामर्श पर पांच जनवरी को क्रूज के रवाना होने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। जहाज के मुंबई से गोवा पहुंचने पर, नववर्ष का जश्न मनाने के लिए क्रूज लाइनर पर सवार 2,000 लोगों में 66 में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद यह बयान आया है।
वाटरवेज लीजर टूरिज्म के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अध्यक्ष जुरगेन बाइलोम ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले रविवार को सभी अतिथियों के जहाज पर सवार होने के समय उनकी आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट नेगेटिव थी। उनका पूर्ण टीकाकरण हुआ था। हालांकि, पिछले रविवार को चालक दल के एक सदस्य और एक अन्य कर्मी में संक्रमण के हल्के लक्षण दिखे थे।’’
बयान में कहा गया है कि चालक दल के उस सदस्य को तुरन्त पृथक कर दिया गया और सभी अतिथियों तथा चालक दल के सदस्यों की फिर से जांच कराई गई। उनके जांच के नतीजों में कुछ अतिथियों और चालक दल का एक सदस्य के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। बयान में कहा गया है कि जहाज पर सवार होने वाले सभी अतिथियों और चालक दल के सदस्यों को कोविड टीके की दोनों खुराक लगा होना अनिवार्य है।


Download Android App
Download iOS App



