MP में थम रही कोरोना महामारी की रफ्तार, टीकाकरण अभियान को गति देने की प्रदेश में हो रही तैयारी

Summary :

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस की रफ्तार लगातार धीमी पड़ती जा रही है। प्रदेश में मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है तो सेहत में सुधार आने वालों का आंकड़ा बढ़ रहा है।

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस की रफ्तार लगातार धीमी पड़ती जा रही है। प्रदेश में मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है तो सेहत में सुधार आने वालों का आंकड़ा बढ़ रहा है। कोरोना महामारी से जीत के लिए वैक्सीन ही एकमात्र हथियार है, इसी कारण पूरे देश में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। आगामी समय में इस बीमारी से बेहतर तरीके से न केवल लड़ा जा सके बल्कि संक्रमण को रोकने की तरफ कदम बढ़ाया जाए, इसके लिए टीकाकरण अभियान को गति दी जा रही है।
कोरेाना महामारी की दूसरी लहर देश के अन्य हिस्सों के साथ राज्य में भी मुसीबत बनकर आई। बड़ी तादाद में लोग बीमार हुए तो उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा हासिल नहीं हो पाई। परिणामस्वरुप मौतों का आंकड़ा भी सैकड़ों को पार करते हुए हजारों तक पहुंचा। अप्रैल और मई महीने में महामारी ने जमकर कहर बरपाया। जून माह में स्थितियां सुधर रही है। गौर करें तो पता चलता है कि राज्य में नए आ रहे मरीजों का आंकड़ा 200 से कम है। वहीं राज्य संक्रमण के मामले में देश् में सबसे नीचे पहुंच गया है, आशय है कि देश में सबसे कम मरीज यहां है।
राज्य में अब हाल यह है कि सिर्फ दो जिले ही ऐसे है इंदौर और भोपाल जहां दहाई अंक में मरीज है। राज्य के 22 जिले तो ऐसे है जहां एक भी मरीज नहीं मिला। संक्रमण में आ रहे सुधार से सरकार और आम जनमानस ने राहत की सांस ली है। अब सरकार का सारा ध्यान टीकाकरण पर है। राज्य में देश के अन्य हिस्सों की तरह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून से कोरोना वैक्सीनेशन का महा-अभियान प्रारंभ होगा। 
अभियान के अंतर्गत 18 साल की आयु के सभी व्यक्तियों को कोरोना का वैक्सीन निशुल्क लगाया जाएगा। बुजुर्गों को टीकाकरण केन्द्र तक लाने की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही, जो अधिक बुजुर्ग हैं, उनके घर जाकर वैक्सीन लगाने की भी व्यवस्था की जा रही है। साथ ही यह भी कोशिश होगी कि वैक्सीन का एक डोज भी बेकार न जाएं। बताया गया है कि प्रदेश के सात हजार टीकाकरण केन्द्रों पर एक साथ अभियान प्रारंभ किया जाएगा। प्रत्येक सेंटर पर एक-एक प्रमुख व्यक्ति वैक्सीनेशन मोटिवेटर अर्थात टीकाकरण प्रेरक के रूप में भेजा जाएगा। 
यह व्यक्ति समाज के जाने-माने व्यक्ति उदाहरण के तौर पर मंत्री, विधायक, अन्य जन-प्रतिनिधि, क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य, धर्मगुरू, समाजसेवी, कलाकार, खिलाड़ी, साहित्यकार, पत्रकार, विश्लेषक, पद्म पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, अधिकारी इत्यादि होंगे। जिन हस्तियों को वैक्सीन मोटिवेटर के रूप में आमंत्रित किया गया है, उनकी वैक्सीन लगवाने की अपील भी जारी की जाएगी। पूरे राज्य में स्थानीय स्तर पर स्थानीय कार्यकतार्ओं की टोलियाँ बनाकर लोगों के घरों में जाकर उन्हें वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Desk Team