देशभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख के पार हो चुकी है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से हर संभव कोशिश की जा रही है, बावजूद इसके संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच, शुक्रवार को असम में कोरोना के 12 नए मामले सामने आए हैं। 12 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 222 तक पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने यह जानकारी दी।
सरमा ने ट्वीट कर कहा, जिन लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, वे सभी तेजपुर, जोरहाट और सिलचर के पृथक-वास केन्द्रों में रह रहे हैं। सरमा ने लिखा, ‘‘तेजपुर पृथक-वास केन्द्र के छह लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वे सभी सोनीतपुर जिले के रहने वाले हैं।’’ उन्होंने कहा कि सिलचर पृथक-वास केन्द्र के दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। उनमें से एक कछार का और दूसरा हैलाकांडी जिला का निवासी है।
सरमा ने बताया कि इनके अलावा शिवसागर जिले के दो लोग भी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। वे लोग जोरहाट के पृथक-वास केन्द्र में रह रहे हैं। सरमा ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 222 हो गई है जिनमे से 161 लोगों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में संक्रमण से अभी तक चार लोगों की मौत हुई है जबकि 54 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। वहीं, संक्रमित लोगों में से तीन राज्य से बाहर चले गए हैं।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1,18,447 तक पहुंच गई है और 3,583 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 48,534 लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



