पटना, (पंजाब केसरी) : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने शिक्षकों के वेतन एवं बकाया भुगतान समय पर नहीं होने के कारण चिंता प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक पत्र लिख कर यह आग्रह किया है कि सरकार तुरन्त इसका संज्ञान लेते हुए हर कोटि के शिक्षकों को अविलम्ब उनका वेतन एवं बकाया भुगतान करवाने का कष्ट करें।

जिसमें डॉ झा ने यह आग्रह किया है कि मासिक वेतन एवं सातवें वेतन के एरियर भुगतान में न्यायालय के आदेशों के आलोक में कोषांग की स्थिति को अंतिम रूप से स्पष्ट कर दिया जाए, तब तक भुगतान पर रोक के आदेश को वापस ले लिया जाय।

विदित हो कि सरकार के शिक्षा विरोधी नीति एवं निर्णयों के कारण बार-बार हर कोटि के शिक्षको को कठिनाईयों से गुजरना पड़ रहा है, चाहे वो वित्तरहित शिक्षक हो या नियोजित शिक्षक हो, या मदरसा के शिक्षक हो, या संस्कृत के शिक्षक हो, या फिर अन्य कोई शिक्षक हो। युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने भी सरकार से मांग करते हुए कहा कि तत्काल शिक्षको को वेतन दे सरकार ,जिससे शिक्षक का हौसला बढ़े।


Download Android App
Download iOS App



