महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को राज्य में कोरोना के 1,606 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की आंकड़ा बढ़कर 30,706 तक पहुंच गया है। वहीं, 67 और रोगियों की मौत होने के बाद राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,135 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
विभाग ने कहा कि कुल 524 रोगियों को उपचार के बाद छुट्टी दी गई। इसी के साथ स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 7,088 हो गई है। विज्ञप्ति के अनुसार, 67 में से 41 रोगियों की मौत मुंबई में हुई है। इसके अलावा ठाणे और पुणे में सात-सात, औरंगाबाद में पांच, जलगांव में तीन, मीरा भयंदर में दो और नासिक तथा सोलापुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
वहीं, राज्य के सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मुंबई में शनिवार को कोरोना के 884 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद शहर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,396 तक पहुंच गई जबकि 41 और लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 696 पहुंच गई है। बृहन मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी।
बीएमसी ने कहा कि आज 238 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। अब तक कुल 18,396 मामलों में से 4,806 मरीज ठीक हो चुके हैं। बीएमसी ने यह भी कहा कि शनिवार को 41 लोगों की मौत हुई जबकि सात मई से 12 मई के बीच 14 लोगों की जान गई थी। मरने वालों में 26 पुरुष और 15 महिला हैं। 41 में से 24 मरीज अन्य बीमारियों से भी जूझ रहे थे। दो की उम्र 40 साल से कम है जबकि 27 की उम्र 60 साल से ज्यादा थी जबकि 12 की उम्र 40 से 60 साल के बीच थी।
बताते चले कि संपूर्ण देश में कोरोना का संकट मंडरा रहा है। देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 85,940 तक पहुंच गई है और 2,752 लोग की जान जा चुकी है। वहीं, 30,153 लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



