मुंबई में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुंबई नगर निगम ने संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए यहां के जसलोक हॉस्पिटल को कोविड-19 अस्पताल में बदल दिया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा बुधवार को जारी परिपत्र के अनुसार जसलोक अस्पताल में गैर कोविड-19 मरीजों को भर्ती नहीं किया जायेगा और इस संबंध में अस्पताल के प्रबंधन को तत्काल प्रभाव से निर्देश जारी किया गया है।बीएमसी सूत्रों ने बताया कि शहर में संक्रमण की दूसरी लहर के बाद से यह कोई पहला बड़ा निजी अस्पताल है जिसे पूर्णत: कोविड-19 अस्पताल में बदला गया है।
नगर निगम ने अस्पताल के गैर कोविड-19 वार्ड में भर्ती ऐसे मरीज जिन्हें अतिरिक्त देखभाल की आवश्यकता नहीं है और जिनकी हालत स्थिर है, उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का निर्देश दिया है। वहीं अतिरिक्त देखभाल वाले गैर कोविड-19 मरीजों को दूसरे अस्पताल में भेजने के निर्देश दिये गये हैं।
बीएमसी के अनुसार अस्पताल पिछले साल महामारी की शुरुआत से ही गंभीर हालत वाले कोविड-19 के मरीजों का उपचार कर रहा है।नगर निगम के अनुसार मुंबई में बुधवार को कोविड-19 के 9,925 मामले आये जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,44,942 हो गयी। वहीं संक्रमण से 54 और लोगों की मौत हुई।


Download Android App
Download iOS App



