केरल में कोरोना का कहर थमता नहीं दिख रहा है। यहां दैनिक कोविड-19 मामलों की संख्या में कोई कमी नहीं दिख रही है। इसी के मद्देनजर राज्य सरकार ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। गुरुवार को सरकार ने कहा कि राज्य में वीकेंड संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जाएगा। 31 जुलाई और 1 अगस्त को पूरी तरह से लॉकडाउन लगाया जाएग।
बता दें कि राज्य में बुधवार को लगातार दूसरे दिन यह आंकड़ा 20,000 को पार कर गया। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन द्वारा यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में 1,96,902 नमूने परीक्षण के लिए भेजे जाने के बाद 22,056 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। मंगलवार को 22,129 लोग पॉजिटिव निकले थे।
बुधवार को एकमात्र सकारात्मक चीज यह देखने को मिली कि टेस्ट पॉजिटिविटी रेट मंगलवार को 12.35 प्रतिशत से गिरकर 11.20 प्रतिशत हो गई। वर्तमान में राज्य में 1,49,534 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा यहां 17,761 और मरीज ठीक होने के बाद, राज्य में कुल ठीक होने वालों की संख्या 31,60,804 हो गई है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड के कारण 131 लोगों की मौत की सूचना मिली है, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 16,457 हो गई है। परीक्षण के लिए जाने वाले नमूनों की संख्या अचानक बढ़ने के बाद, केरल के प्रत्येक जिले में मामलों में तेजी दर्ज की गई है, जिसमें मलप्पुरम जिले में 3,931 मामले और इसके बाद त्रिशूर में 3,005 मामले देखने को मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App



